नई दिल्ली : देश की दिग्गज फार्मा कंपनी में काम करने वाली सुप्रिया काफी समय से कार खरीदने की सोच रही है। लेकिन उसका कहना है एक अच्छी कार चुनना बड़ा मुश्किल काम है। काफी देखने के बाद बेहतर कंफर्ट और अच्छे सेफ्टी फीचर्स वाली 20 लाख रुपये कीमत की एक कार उसे पसंद आई। लेकन जब अपना बजट देखा तो मायूस हो गई। सुप्रिया कैश में यह कार नहीं खरीद सकती, इसलिए वह कार लोन लेने का सोच रही है। लेकिन वह कन्फ्यूज है। उसे समझ नहीं आ रहा कि उसे कितनी रकम का लोन लेना चाहिए और वह इसे चुका पाएगी या नहीं। सुप्रिया जैसे कई लोगों के मन में ये सवाल होते हैं। आइए आज इनका जवाब जानते हैं।
कार लेते समय ध्यान रखें 20/4/10 का रूल
कार खरीदते समय आप एक नियम का ध्यान रख सकते हैं। यह है 20/4/10 का नियम। यह नियम आपको यह भी बताएगा कि आपकी पसंदीदा कार की खरीदारी कितनी सही है या आपको कार खरीदने से पहले कुछ और करना चाहिए।
20/4/10 के नियम में क्या होता है
यह नियम आपको बताता है कि आप किसी कार को तब अफोर्ड कर सकते हैं, जब आप इन तीन जरूरतों को पूरा करते हों:
1. कार खरीदते समय आप 20 फीसदी या इससे अधिक रकम का डाउन पेमेंट कर सकते हों। रूल के अनुसार एक ग्राहक को कार लोन लेते समय कम से कम 20 फीसदी रकम डाउन पेमेंट में देनी चाहिए।
2. आप 4 साल या इससे कम अवधि के लिए कार लोन ले सकते हैं। रूल के अनुसार लोन की अवधि अधिकतम 4 साल होनी चाहिए।
3. आपकी कुल ट्रांसपोर्टेशन लागत (कार की ईएमआई सहित) आपकी मंथली सैलरी की 10 फीसदी से कम होनी चाहिए। ट्रांसपोर्टेशन लागत में ईएमआई के अलावा फ्यूल और मेंटेनेंस का खर्चा भी शामिल होता है।
ये टिप्स आएंगे काम
20/4/10 के नियम को फॉलो करने में आपको ये टिप्स काम आएंगे:
1. जितना ज्यादा हो सके डाउन पेमेंट करें।
2. अपग्रेडेड मॉडल खरीदने की बजाय कार का बेस मॉडल खरीदें।
3. पिछले साल की बची हुई नई कार इन्वेंट्री पर विचार करें।
4. एक नई कार खरीदने की बजाय यूज्ड कार खरीदें।
5. अपनी मौजूदा कार को अधिक समय तक अपने पास रखें और नई कार के लिए बचत करें।
लेखक के बारे में
पवन जायसवाल, एनबीटी ऑनलाइन में सीनियर डिजिटल कंटेंट प्रोड्यूसर हैं। ये यहां बिजनस सेक्शन में अपना योगदान देते हैं। इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई के बाद इन्होंने मीडिया में जाने का फैसला किया। इन्होंने IIMC से साल 2016-17 में पत्रकारिता में डिप्लोमा किया और मैदान में उतर गए। दैनिक भास्कर अखबार में इन्होंने रिपोर्टर रहते हुए कई बीट्स का अनुभव लिया। इसके बाद इन्होंने टाइम्स ग्रुप में आने से पहले जागरण न्यू मीडिया और मनी9 (टीवी9 ग्रुप) में बिजनस कवर किया। पर्सनल फाइनेंस और शेयर मार्केट में इनकी विशेष रुचि है। स्क्रिप्ट राइटिंग और वीडियोज में भी इनका अनुभव है। साइंस फिक्शन फिल्में देखना पसंद करते हैं। साथ ही क्लासिक डांस और म्यूजिक के शौकीन हैं।... और पढ़ें